CAB: अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी किया चेतावनी!

, ,

   

असम समेत पूर्वोत्तर भारत में नागरिकता (संशोधन) विधेयक का विरोध जारी है। मेघालय और त्रिपुरा में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं और जगह जगह प्रदर्शन हो रहे हैं।

असम के अलावा दूसरे राज्यों के शहरों में भी बंद के हालात हैं। असम के गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में पहले से अधिक शांति है पर तनाव बना हुआ है। गुवाहाटी में आज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है।

वहीं अमेरिका सहित कई देशों ने अपने नागरिको के लिए जारी एडवाजरी में अमेरिका ने कहा है कि भारत में नए बने नागरिकता कानून के कारण पूर्वोत्तर के राज्‍यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

इन प्रदर्शनों के मद्देनज़र भारत की सरकार ने कुछ इलाकों में कर्फ्यू भी लगाया है, साथ की इन इलाको में यातायात सेवाएं, इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं अस्थाई तौर पर बाधित हैं।

एडवायजरी में कहा गया है कि नागरिकता कानून को लेकर पूर्वोत्तर भारत के अलावा भी कुछ और हिस्‍सों में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे में अमेरिकी सरकार ने असम की आधिकारिक यात्रा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने अपनी एडवायजरी में कहा, ऐसे स्‍थानों से दूर रहें, जहां प्रदर्शन हो रहे हों। अपने आसपास के माहौल को अच्‍छी तरह परख लें। स्‍थानीय मीडिया से हालात के अपडेट लेते रहें तथा अपने परिवारवालों और नजदीकी लोगों को अपनी जानकारी देते रहें।

भारतीय सेना ने पूर्वोत्तर में अपनी कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा फैलाई जा रही फर्जी खबरों से लोगों को सावधान रहने की अपील की है।

डिब्रूगढ़ में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गई है: डिब्रूगढ़ के उपायुक्त पल्लव गोपाल झा ने बताया कि डिब्रूगढ़ में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गई है।

गुवाहाटी में लगाए गए कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ढील दी गई है। दिसपुर, उजान बाजार, चांदमारी, सिलपुखुरी और जू रोड सहित कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं।

ऑटो-रिक्शा और साइकिल-रिक्शा सड़कों पर नजर आएं लेकिन बसें अब भी नदारद रहीं। शहर में पेट्रोल पंप भी खोल दिए गए हैं, जहां वाहनों की लंबी कतारें दिखीं।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ढील दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस लोगों को इस ढील की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल कर रही है। हालांकि, स्कूल और कार्यालय अब भी बंद हैं।

नगा छात्र संघ (एनएसएफ) ने नागरिकता (संशोधन) विधेयक (कैब) के खिलाफ शनिवार को छह घंटे के बंद का आह्वान किया। बंद सुबह छह बजे शुरू हुआ।

एनएसएफ ने एक बयान में कहा कि एनएसएफ की आपातकालीन कार्यकारी परिषद की शुक्रवार को आयोजित बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार नगा इलाकों में 14 दिसंबर को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक छह घंटे के बंद का आह्वान किया गया है।

बयान में कहा गया है कि यह बंद संसद में विवादास्पद कैब पारित किए जाने के खिलाफ नगा लोगों के असंतोष को दर्शाने के लिए आहूत किया गया है। यह विधेयक पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों के हितों एवं भावनाओं के खिलाफ है।