पिछले कुछ महीनों में ट्रंप प्रशासन के रवैये को देखकर लग रहा था कि अमेरिका अगले कुछ महीनों में अफगानिस्तान में अपने सैनिकों की उपस्थिति कम कर देगा।
हालांकि एक अमेरिकी दूत की मानें तो ऐसा कुछ भी नहीं होगा। अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी की खबरों के बीच तालिबान से बातचीत के लिए अमेरिकी दूत ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका दुनिया के सबसे लंबे युद्ध से ना अपनी सेना ‘कम कर रहा है और ना ही वहां से भाग’ रहा है।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, दूत ने कहा कि करीब 18 साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए शांति वार्ता में महिलाओं के अधिकारों को भी तवज्जो दी जाएगी। जलमय खलीलजाद ने कतर से एक वीडियो लिंक के जरिए वॉशिंगटन में दर्शकों को संबोधित किया।
वॉशिंगटन में हुआ यह कार्यक्रम उन महिलाओं की आवाज उठाने पर केंद्रित रहा जिन्होंने आशंका जताई कि तालिबान के साथ किसी तरह के शांति समझौते से आजादी हासिल करने के लिए किए गए उनके प्रयासों पर पानी फिर जाएगा और यह उन्हें तालिबान के दमनकारी शासन के दौर में वापस ले जाएगा।