राहुल गांधी बोले- ‘पुरुषों की तुलना में महिलाएं कहीं ज्यादा ताकतवर है’

, ,

   

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल में चुनाव प्रचार के दौरान कॉलेज की छात्राओं को मार्शल आर्ट का पाठ पढ़ाया।

इंडिया डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि पुरुषों की तुलना में महिलाएं कहीं अधिक ताकतवर हैं, लेकिन वे नहीं जानती हैं कि उनकी शक्ति कैसे काम करती है।

केरल में सेंट टेरेसाज कॉलेज फॉर वूमन में छात्राओं से संवाद करते हुए राहुल गांधी ने छात्राओं को आंतरिक शक्तियों को एकजुट करने के बारे में मार्शल आर्ट’ की बुनियादी जानकारी दी। राहुल गांधी ने एक छात्रा के अनुरोध पर ही मार्शल आर्ट के बारे में छात्राओं को बताया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा, मैं आपको एक राज की बात बताता हूं, जो पुरुष आपको कभी नहीं बताएंगे। वे आपको ठग रहे हैं। महिलाएं नहीं समझती हैं कि उनकी शक्ति कहां से आती हैं।

यह सशक्तिकरण का मूल तत्व है। राहुल ने छात्राओं को मार्शल आर्ट की कुछ तकनीक प्रदर्शित करने के बाद उनसे अपनी आंतरिक शक्तियों को उस दौरान एकजुट करने को कहा। उन्होंने कहा, समाज आपको आघात पहुंचाने जा रहा है।

भारत में समाज आपसे बहुत बुरा सलूक करता है. यह हर दिन आपको अपमानित करता है। यह आपको वह नहीं करने देता जो आप करना चाहती हैं।

राहुल ने कहा, यह आप पर हमले करता है। इसलिए, आपको अपने अंदर की शक्ति को एकजुट करना होगा।

इसके लिए आपको उस ताकत को समझना पड़ेगा जो आपको चोट पहुंचाती है और फिर उपयुक्त रूप से डट कर मुकाबला करना पड़ेगा।

कांग्रेस नेता चुनाव प्रचार करने के लिए केरल के दो दिनों के दौरे पर हैं। राज्य में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं।