योशिदे सुगा होंगे जापान के नये प्रधानमंत्री!

, , ,

   

योशिदे सुगा ने सोमवार को जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया। चूंकि संसद के निचले सदन में एलडीपी का बहुमत है, इसलिए उनका देश के नए प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।

 

जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, बुधवार को संसद के अंदर औपचारिक रूप से इस पर मुहर लग जाएगी। वह स्वास्थ्य कारणों के चलते पिछले महीने पद छोड़ने वाले एबी शिंजो की जगह लेंगे।

 

https://youtu.be/LmGr3AWeTCM

 

वर्ष 2012 से एबी शिंजो की सरकार में चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी रहे सुगा को 534 में से 377 वोट मिले।

 

 

जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और पूर्व रक्षा मंत्री शीगेरू इशिबा को 68 और दूसरे प्रतिद्वंद्वी और पूर्व विदेश मंत्री फूमिओ किशिदा को 89 वोट मिले। सुगा एबी शिंजो के शेष बचे कार्यकाल यानी सितंबर 2021 तक प्रधानमंत्री रहेंगे।

 

https://twitter.com/Opoyis/status/1303219013846261760?s=20

 

बता दें कि एबी शिंजो लगभग आठ सालों तक जापान के प्रधानमंत्री रहे। 71 वर्षीय योशिदे सुगा उत्तरी जापान से ताल्लुक रखते हैं और उनके पिता स्ट्राबेरी की खेती करते थे।

 

एबी शिंजो के दाहिने हाथ रहे सुगा को पर्दे के पीछे से काम करने के तौर पर जाना जाता है। सुगा स्वयं को सुधारवादी बताते हैं और कहते हैं कि नौकरशाही की क्षेत्रीय बाधाओं को तोड़कर उन्होंने नीतियों को लागू करने में सफलता पाई है।

 

देश के अंदर राजनीतिक कौशल के माहिर सुगा ने बहुत कम विदेश यात्राएं की हैं। ऐसे में उनके रणनीतिक कौशल को लेकर जानकारी ना के बराबर है।

 

माना जा रहा है कि सुगा आर्थिक और विदेश नीति में एबी शिंजो की नीतियों का अनुसरण करेंगे। प्रधानमंत्री का पद संभालने वाले सुगा के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं।

 

उन्हें कोरोना महामारी, कमजोर अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पूर्वी चीन सागर में बीजिंग के बढ़ते आक्रामक रवैये का भी जवाब देना होगा। टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों पर भी उन्हें निर्णय लेना है।

 

हालांकि उनके लिए यह राहत की बात है कि ओलंपिक को अगले साल जुलाई तक के लिए टाल दिया गया है। सुगा को नए अमेरिका राष्ट्रपति के साथ भी अच्छे संबंध स्थापित करने होंगे।