अहमदाबाद विवि में बागची दंपति के नाम से चेयर स्थापित

   

अहमदाबाद, 17 दिसंबर । जानी मानी ओडिया लेखक सुस्मिता बागची और उनके पति और माइंडट्री के सह-संस्थापक सुब्रतो बागची ने अहमदाबाद विश्वविद्यालय में सार्वजनिक स्वास्थ्य में शोध के लिए एक अनुसंधान पीठ (चेयर) स्थापित किया है।

अहमदाबाद विश्वविद्यालय ने स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की घोषणा की है और इसका नेतृत्व करने के लिए डीन की तलाश की जा रही है। डीन के चेयर को पब्लिक हेल्थ में सुष्मिता और सुब्रतो बागची प्रोफेसरशिप कहा जाएगा।

ओडिया और अंग्रेजी में लिखने वाली प्रख्यात लेखिका सुस्मिता बागची को साल 1992 में आकाश जयंती कथा नामक उनके कहानी संग्रह के लिए ओडिशा साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह ओडिशा में मो स्कूल कार्यक्रम की अध्यक्षा हैं। सुब्रतो बागची एक सम्मानित उद्योगपति, एक लेखक और एक संस्थान निर्माता हैं। ओडिशा सरकार ने उन्हें ओडिशा कौशल विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष भी नियुक्त किया है।

अहमदाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति, पंकज चंद्रा ने कहा, यह चेयर प्रोफेसरशिप समस्याओं के समाधान के लिए हमारे परिप्रेक्ष्य का समर्थन करता है और हमारे स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के लिए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा को आकर्षित करने की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। यह उपहार विश्वविद्यालय को इस समय के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शिक्षण और अनुसंधान का मौका देता है। यह हमें सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में डेटा और सबूत इकट्ठा करने की अनुमति देगा। हम भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य और शिक्षा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए बागची दंपति के आभारी हैं।

Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.