अमेरिका में कोरोना संक्रमण से हुई दो लाख मौतों को ट्रम्प ने बताया शर्मनाक !

,

   

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3.17 करोड़ से ज्यादा हो गया है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2 करोड़ 33 लाख 82 हजार 126 से ज्यादा हो चुकी है। अब तक 9 लाख 74 हजार 620 मौतें हो चुकी हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने देश में कोरोनावायरस से हुई 2 लाख मौतों को शर्मनाक बताया है। उनके मुताबिक, सरकार ने बढ़ते मामलों को रोकने के लिए कई तरह के उपाय किए हैं।

अमेरिका : ट्रम्प का नया बयान
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने देश में कोरोनावायरस से हुई दो लाख मौतों को शर्मनाक बताया है। द गार्डियन ने इस बात की जानकारी दी है। मंगलवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत में एक ट्रम्प ने यह टिप्पणी की। एक रिपोर्टर ने उनसे पूछा था- देश में कोरोनावायरस से 2 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। आप इस पर क्या कहेंगे? इस पर ट्रम्प ने कहा- मेरे हिसाब से तो यह शर्मनाक है। लेकिन, मैं ये भी कहूंगा कि अगर हम सही वक्त पर सही कदम नहीं उठाते यह आंकड़ा ढाई लाख से ज्यादा हो सकता था। आपने यूएन में मेरा भाषण देखा होगा। चीन अगर चाहता तो कोरोना को अपने देश से बाहर नहीं देता। उन्होंने इस वायरस को दुनिया के हर हिस्से तक पहुंचाया।

ब्रिटेन : 6 महीने जारी रह सकते हैं प्रतिबंध
ब्रिटेन में संक्रमण की दूसरी लहर की पुष्टि खुद प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कर चुके हैं। अब खबर है कि ब्रिटेन में सरकार ने जो प्रतिबंध लगाए हैं वे 6 महीने तक भी जारी रह सकते हैं। हालांकि, लोग इसका विरोध कर रहे हैं। शादियों और खेल आयोजनों पर लगे प्रतिबंध भी जारी रह सकते हैं। मंगलवार को एक प्रोग्राम के दौरान बोरिस ने कहा- फुटबॉल मैचों के बारे में फिर से विचार किया जाएगा। वहां बहुत ज्यादा लोग जुटते हैं। अंतिम संस्कार में 30 से ज्यादा लोग नहीं आ सकेंगे। मास्क अनिवार्य होगा। लंदन और देश के बाकी हिस्सों में चलने वाली टैक्सियों को लेकर भी नई गाइडलाइन्स जारी की जा सकती हैं।