देशभर में कोरोना मामले 7 लाख से अधिक मामले, 20174 लोगों की मौत

   

चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस का संक्रमण देशभर में दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है और अब यह आंकड़ा 7 लाख 20 हजार को भी पार कर गया है। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 7,20,346 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 4,40,150 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 20,174 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,59,926 एक्टिव केस हैं। इसी तरह राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1379 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 1,00,823 हो गए। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 5,368 केस दर्ज किए गए हैं।

राजधानी दिल्ली में 1,379 नए मामले  

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 1,379 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,00,823 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 48 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 3,115 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 749 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल दिल्ली में अब तक 72,088 लोग ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में 5,368 नए मामले, 204 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर पांच हजार से अधिक आए हैं। Covid19india.org के मुताबिक राज्य में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,368 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,11,987 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 204 और लोगों की मौत हुई है।

वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,200 नए मरीज सामने आने से सोमवार को कुल संख्या बढ़कर 85,724 हो गई। शहर में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 4,938 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस के 23,624 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं अब तक 57,152 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

पुणे में 824 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 824 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 28,966 पहुंच गई। कोरोना के कारण 17 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 889 हो गई।

 

तमिलनाडु में 1 लाख 14 हजार के पार मामले, 1571 की मौत

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में सर्वाधिक 3,827 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 1,14,978 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,571 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 1,322 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 20,019 पर पहुंच गया है। केरल में 193 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 5,623 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

गुजरात में 36 हजार से अधिक मामले, अब तक 1,961 मौतें

गुजरात में भी संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक 36,858 संक्रमित पाए जा चुके हैं। सोमवार को 735 नए मामले सामने आए। राज्य में 17 नई मौत के साथ अब तक इस वायरस से 1,961 मरीजों की जान जा चुकी है। नए मामलों में अहमदाबाद में ही 183 केस मिले हैं और महानगर में मरीजों की संख्या बढ़कर 22,075 हो गई है। यहां अब तक 1,491 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश में 929 नए मामले

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कोरोना महामारी पर रोक लगती नजर नहीं आ ही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में और 929 नए केस मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 28,636 पर पहुंच गया है। अब तक 809 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 354 नए मामले

मध्य प्रदेश में 354 नए केस के साथ अब तक 15,284 संक्रमित मिल चुके हैं। राजस्थान में 524 केस मिले हैं। राज्य में अब तक 20,688 मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, ओडिशा में 456 मरीजों के साथ 9,526 मरीज संक्रमित पाए जा चुके हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। इस सूची में 29 लाख 82 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (16 लाख से ज्यादा) दूसरे और भारत (6 लाख 97 हजार) तीसरे स्थान पर है।