नरेन्द्र मोदी ने देश में ज़हर फैला दिया हैः केजरीवाल

, , ,

   

तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी की ओर से शनिवार को कोलकाता में आयोजित ब्रिगेड सभा के मंच से दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 70 साल में जो काम पाकिस्तान नहीं कर पाया वो मोदी और शाह की जोड़ी ने कर दिया। इस जोड़ी ने हिंदू और मुसलमान को लड़ा दिया, भाई को भाई से लड़ा दिया।

उन्होंने कहा कि जब से यह देश आजाद हुआ पाकिस्तान का सपना इस देश को टुकड़ों में बांटने का था। इसी काम को आज मोदी कर रहे हैं। बीते साढ़े चार वर्षों में मोदी व शाह की जोड़ी ने देश को बर्बाद कर दिया, बेड़ा गर्क कर दिया। भाजपा सरकार लोगों के बीच रंजिश फैलाकर और धर्म व भाषा के नाम पर बांटकर उस दिशा में आगे बढ़ रही है। आज जगह-जगह दलितों को मॉब लिंचिंग में मारा जा रहा है। मुसलमानों पर अत्याचार किया जा रहा है। इस सरकार ने देश में जहर फैला दिया है।

उन्होंने पीएम मोदी की तुलना हिटलर से करते हुए कहा कि 1931 में जब हिटलर जर्मनी का चांसलर बना तो उसने संविधान बदल दिया और मरने तक चांसलर बना रहा। अब यही काम मोदी और शाह करना चाहते हैं। ये दोनों देश का संविधान बदलना चाहते हैं।

उन्होंने आगाह किया कि मोदी और शाह अगर फिर से 2019 में सत्ता में आ गए तो ये देश का संविधान बदल देंगे, कभी चुनाव नहीं करवाएंगे, देश को बर्बाद कर देंगे, इस देश के टुकड़े कर देंगे। जो देशभक्त हैं, वो मोदी- शाह को हटाएं।