भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 101 हुई

   

कोरोना वायरस का प्रकोप पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में भी बढ़ रहा है। भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या 100 के पार पहुंच गया है और वहीं दुनियाभर में यह आंकड़ा 154359 हो गया है। कोरोना वायरस से पूरी दुनिया में जहां पांच हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं भारत में अब तक इससे दो लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अब तक सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस के 31 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और इस तरह से देश में यह आंकड़ा 101 हो गया है।

महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, नागपुर और यवतमाल में शनिवार को कोरोना वायरस के नए मामलों की पुष्टि के बाद इस घातक वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या 31 हो गई है। कोरोना वायरस के मुंबई में 8, पुणे में 15, नागपुर में चार, यवतमाल में 2, ठाणे और अहमदनगर में एक-एक मामले सामने आए हैं। इस बात की पुष्टि महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने की है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर अपडेट नहीं

हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर अभी कोरोना वायरस के मामलों की संख्या को अपडेट नहीं किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर शनिवार शाम 4:55 बजे तक के आंकड़ें मौजूद हैं। उसके बाद कोई अपडेट नहीं दिया गया है। 4.55 बजे तक के आंकड़े के मुताबिक, भारत में कोरोना से 84 लोग संक्रमित थे। उस वक्त तक के डेटा के अनुसार, महाराष्ट्र में कोरोना के 14 मामले थे, मगर शनिवार की देर शाम तक राज्य में 31 मामलों की पुष्टि की गई। इस तरह से कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या देश में 101 हो गई है।

महाराष्ट्र में इस वायरस के प्रकोप को देखते हुए शहरी इलाकों के स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल और जिम भी 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के चलते सभी मॉलों को 31 मार्च बंद रखा जाएगा, लेकिन रोजमर्रा की चीजें बेच रही किराने की दुकानों को अपवाद स्वरूप उससे बाहर रखा जाए। महाराष्ट्र सरकार के एक अन्य आदेश के मुताबिक, पहली से लेकर नौवीं तक की परीक्षाएं यदि चल रही हैं तो उसे स्थगित किया जाएगा, केवल दसवीं और बारहवीं की बोर्ड की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।

भारत ने कोरोना वायरस को आपदा घोषित कर दिया है। सरकार ने राज्यों को निर्देश दिए कि आपदा कोष के तहत कोविड-19 की रोकथाम के लिए सामग्रियों की सूची और सहयोग के मानक तैयार करें। कर्नाटक के 76 वर्षीय एक व्यक्ति और दिल्ली में 68 वर्षीय एक महिला की कोरोना वायरस से मौत हो गई जिसे डब्ल्यूएचओ ने वैश्विक महामारी घोषित किया है। इस बीमारी से पूरी दुनिया में 5000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कई राज्यों ने स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक संस्थानों और सिनेमा हॉल को बंद करने के आदेश दिए हैं।

कहां कितने मामले: 
केरल में कोरोना वायरस के 19 सकारात्मक मामले सामने आए हैं जबकि महाराष्ट्र में 31, उत्तरप्रदेश में 11, दिल्ली में सात, कर्नाटक में छह, लद्दाख में तीन, जम्मू-कश्मीर में दो और राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश तथा पंजाब में एक-एक मामले सामने आए हैं। कुल 101 पुष्ट मामलों में 17 विदेशी नागरिक हैं जिनमें 16 इटली के पर्यटक और एक नागरिक कनाडा का है। बता दें कि ये आंकड़ें अपडेटेड हैं, जिसे स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर खबर लिखे जाने तक जारी नहीं किया गया है।

4000 लोग निगरानी में रखे गए:
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि सात पॉजिटिव पाए गए लोगों को उपचार के बाद ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई है। इनमें पांच उत्तरप्रदेश के और एक- एक राजस्थान और दिल्ली के हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव संजीव कुमार ने कहा कि पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए 4000 से अधिक लोगों को निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए व्यक्ति भी पृथक इकाई में नहीं रहना चाह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महान एअर लाइन ईरान से भारतीय नागरिकों को वापस ला रहा है और वह शनिवार की मध्य रात्रि तक मुंबई पहुंचेगा। शनिवार को इटली के मिलान के लिए एअर इंडिया की विशेष उड़ान भेजी जा रही है ताकि भारतीय छात्रों को वहां से लाया जा सके। कुमार ने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों में सामुदायिक निगरानी, पृथक इकाई, अलग वार्ड, प्रशिक्षित श्रमशक्ति,त्वरित प्रतिक्रया दल को मजबूत किया जा रहा है। कोरोना वायरस को देखते हुए सरकार ने एन95 सहित मास्क और हैंड सैनेटाइजर्स को आवश्यक वस्तु अधिनियम के दायरे में ला दिया है।

ये सामग्री जून मध्य तक आवश्यक वस्तु की श्रेणी में रहेंगी। इसका उद्देश्य इनका उचित मूल्य बरकरार रहना और कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई करना है। कुमार ने कहा कि 30 हवाई अड्डों पर 11406 उड़ानों से 12 लाख 29 हजार 363 यात्रियों की जांच हो चुकी है। इसके अलावा आने वाले सभी यात्रियों को दिशानिर्देश के मुताबिक पृथक इकाई में रखा जा रहा है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत जारी धन का इस्तेमाल आवश्कय उपकरण खरीदने और पृथक इकाइयों में रखे गए लोगों के लिए किया जा सकता है। भारत में अमेरिकी दूतावास और महावाणिज्य दूतावासों ने कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए 16 मार्च से वीजा जारी करने से मना कर दिया है।