राजीव गांधी के बलिदान दिवस को बिहार कांग्रेस ने कोविड सेवा दिवस के रूप में मनाया

   

पटना, 21 मई । पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि को शुक्रवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा राज्यव्यापी कोविड सेवा दिवस के रूप में मनाया। इस मौके पर कांग्रेस के सभी विधायकों और विधान पार्षदों ने अपने क्षेत्रीय विकास निधि से अपने क्षेत्र में दो-दो एम्बुलेंस क्रय की अनुशंसा भी संबंधित अधिकारियों से की।

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा सहित कांग्रेस के नेताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मेडिकल किट आम लोगों को बांटी गई। इस किट में जीवनरक्षक दवाओं के अलावा मास्क, सैनिटाइजर और अन्य मेडिकल सामान थे।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष झा ने कहा कि आधुनिक भारत के रचयिता भारत रत्न राजीव गांधी की बलिदान दिवस पर पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा कोविड सेवा दिवस के रूप में सेवा कार्य किया गया।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री आदर्श पुरुष थे और उन्होंने पंचायती राज को मजबूत कर शहरों से विकास को गांवों तक पहुंचाने का काम किया। उनकी विशाल व्यक्तित्व की देन थी जो भारत आधुनिकता के ओर अग्रसर हो सका।

उन्होंने कहा कि इस मौके पर पार्टी के सभी विधायकों और विधान पार्षदों ने अपने क्षेत्रीय विकास निधि से अपने क्षेत्र में दो-दो एंबुलेंस क्रय की अनुशंसा भी सम्बंधित अधिकारियों से कर दी है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के पुण्यतिथि पर शुरू किए गए कार्यक्रम को कोविड उन्मूलन तक लगातार प्रत्येक जिलों में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया जाएगा।

राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी के पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस पार्टी ने कोविड से बचाव के लिए आवश्यक सामानों को जनहित में वितरित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सेवा भाव में विश्वास रखती है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि कई अन्य विधायकों द्वारा निजी तौर भी कोविड सेवा दिवस के मौके पर मास्क और दवा का वितरण किया गया।

Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.