बेल मिलने के बाद द्वीप सिद्धू गिरफ्तार!

, ,

   

किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को दिल्ली के लाल किला परिसर में हुई हिंसा के मामले में पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू को दोबारा गिरफ्तार किया गया है।

भास्कर डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, सिद्धू को शनिवार को दिल्ली की एक अदालत ने इसी मामले में जमानत दी थी। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार को उन्हें दोबारा अपनी हिरासत में ले लिया।


दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने शनिवार सुबह ही सिद्धू को जमानत दी थी, लेकिन उनके जेल से बाहर निकलने से पहले ही क्राइम ब्रांच ने पुरातत्व विभाग की शिकायत पर दर्ज हुई FIR के मामले में उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

दीप को लाल किले के अंदर तोड़फोड़ करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पुरातत्व विभाग ने क्राइम ब्रांच में इस संबंध में मामला दर्ज करवाया था। जिसके चलते ये कार्रवाई की गई है।


इससे पहले तीस हजारी कोर्ट ने 8 अप्रैल को मामले की सुनवाई की थी। कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखते हुए सिद्धू को आज जमानत दी थी।

विशेष न्यायाधीश नीलोफर आबिदा परवीन ने 30,000 रुपए के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदारों पर जमानत मंजूर की थी।

अदालत ने इस बात पर गौर किया कि आरोपी नौ फरवरी 2021 से हिरासत में है और वह इस दौरान 14 दिन पुलिस की हिरासत में रह चुका है।

कोर्ट ने जमानत के दौरान दीप को अपना पासपोर्ट जांच अधिकारी के पास जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही हर माह की पहली और 15 तारीख को या जब भी जांच अधिकारी बुलाएं तो पेश होने को कहा।

कोर्ट ने सिद्धू को यह भी कहा कि उन्हें हर समय अपना मोबाइल फोन लोकेशन शेयर डिवाइस के साथ स्विच ऑन रखना होगा। किसी गवाह या साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी है।

500 पुलिसकर्मी हुए थे घायल, एक किसान की मौत
सिद्धू को 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किला परिसर में हुई हिंसा के मामले में 9 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। उस दिन कई प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किला ऐतिहासिक स्मारक के परिसर में घुस गए थे।

उन्होंने प्राचीर पर जाकर गैरकानूनी तरीके से एक धार्मिक झंडा फहराया था। गणतंत्र दिवस के दिन हुई इस हिंसा में सुरक्षाकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई थी।

साथ ही दंगाइयों ने कई जगह तोड़फोड़ की थी। प्रदर्शन के दौरान 500 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। ट्रैक्टर पलटने से उत्तरप्रदेश के एक किसान की भी मौत हो गई थी।